मध्यप्रदेश में चारा घोटाला पार्ट – दो जोर शोर से चल रहा है कहा पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने

0 112
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने एक विग्यप्ति जारी करके आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश में चारा घोटाला पार्ट – दो जोर शोर से चल रहा है| यह सब शिवराज सरकार की शह पर हो रहा है| पंचायत विभाग के अफसर और रसूखदार भाजपा नेताओं की मिलीभगत से न्यूनतम साझा कार्यक्रम चल रहा है| गोशालाओं के लिए चारे के नाम पर मोटी रकम डकारी जा रही है| यदि गहराई से जांच हो जाए तो पूरे प्रदेश में करोड़ो का फर्जीवाड़ा सामने आ जायेगा और सबकी पोल खुल जायेगी| अजयसिंह ने कहा कि प्रदेश में करोड़ों रूपये खर्च कर गोशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है जो अभी तक अधूरी पड़ी हैं| मजे की बात तो यह है कि गायों के भूसे के लिए हर महीने राशि निकाली जा रही है| बावजूद इसके सड़क किनारे गायें मर रही हैं और कंकाल ही कंकाल नजर आ रहे हैं| भाजपा सरकार गायों के रहने और खाने के लिए करोड़ों फूंक चुकी है| सब कुछ कागजों में हो रहा है| गोवंश की उपस्थिति दर्ज कराकर करोड़ों रूपये आहरित किये जा रहे हैं| गोशाला संचालन समिति के सदस्य न तो बैठक करते हैं न ही निरीक्षण| ऐसा लगता है कि घपले में उनका मौन समर्थन मिला हुआ है| अजयसिंह ने सीधी जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि जिले में 13 गोशालाएं शासकीय और तीन एनजीओ के माध्यम से संचालित की जा रही हैं| लेकिन यहाँ देखरेख के अभाव में दो वर्ष के अंदर 416 गायों ने दम तोड़ दिया| अभी तक गोशाला समिति की एक भी बैठक अधिकारियों द्वारा नहीं बुलाई गई| वे भूसे के नाम पर सिर्फ बजट निकालने तक सीमित रहे और गायें मरती गईं| सभी 16 गोशालाओं में १२८० मवेशी दर्ज हैं| मुख्यमंत्री यदि इसकी जांच कराते हैं तो गायों का भूसा खाने वालों की सारी हकीकत सामने आ जायेगी| अभी तक 70 लाख रूपयों का भुगतान हो चुका है| अजय सिंह ने कहा कि जिले के अकौरी गाँव में बड़ी गोशाला का निर्माण तीन साल से किया जा रहा है लेकिन काम अभी तक अधूरा है| अधूरे काम को पूरा बता कर मूल्यांकन पूरा हो चुका है और 35 लाख रूपये की राशि निकाल ली गई है| मजदूरों को भुगतान नहीं किया गया है| पूरा गाँव आवारा पशुओं से परेशान है लेकिन रसूखदारों के डर के कारण कोई कुछ नहीं बोल रहा है| उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है| पहले मध्यान्ह भोजन में करोड़ों का घपला हुआ अब गाय का चारा जीम गये| शिवराजसिंह पूरे प्रदेश में चल रहे चारा घोटाला की तत्काल जांच कराएं और दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करें|

News TOP Footer