मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे ने की समय-सीमा पत्रों की समीक्षा

सीधी धर्मेंद : 12 सितम्बर को समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे द्वारा सभी विभाग प्रमुखों को मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर 2022 तक मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का क्रियान्वयन किया जाएगा। इस अभियान में विभिन्न विभागों की 33 जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धोटे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नोडल अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी होंगें। नगरीय क्षेत्रों के लिए अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी तथा संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी होंगे। इस अभियान अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए शिविर प्रभारियों को नियुक्त किया जाएगा। श्री धोटे ने बताया कि शिविर में शासन की प्राथमिकता वाले 33 जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किया जाएंगे। श्री धोटे ने निर्देशित किया है कि प्रत्येक विभाग प्रमुख तथा शिविर प्रभारी की जिम्मेदारी होगी कि प्रत्येक पात्र हितग्राही की योजना से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। बैठक में अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
