शहरी विकास अभिकरण की समीक्षा बैठक आयोजित हितग्राही मूलक योजनाओं से छूटे हुए पात्र लोगों को दिलाए कहा कलेक्टर ने

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान की अध्यक्षता में शहरी विकास अभिकरण की समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के प्राथमिकता क्रम की सभी कल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर योजना से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाना है। प्रथम चरण में 05 अक्टूबर 2022 तक घर-घर सर्वे कर छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर वांछित अभिलेख के साथ आवेदन पत्र प्राप्त किए जाने हैं। द्वितीय चरण 31 अक्टूबर 2022 तक प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना है। कलेक्टर श्री खान ने निर्देशित किया है कि अभियान उपखण्ड अधिकारी (राजस्व) की देखरेख में आयोजित किया जाएगा तथा संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभारी अधिकारी होंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के सुचारू संचालन के लिए वार्डवार दलों का गठन कर प्रथम चरण में छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के घर-घर जाकर वांछित अभिलेख के साथ आवेदन पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य में नव निर्वाचित पार्षदों का भी सहयोग प्राप्त करेंगे। कलेक्टर श्री खान ने निर्देश दिए हैं कि योजनावार प्राप्त आवेदन पत्रों को सूचीबद्ध कर समाधान कारक निराकरण करते हुए प्रत्येक दिवस प्रगति रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करेंगें। कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकायों के छूटे हुए शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करायें इस कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय ने कहा कि सर्वे का कार्य पूरी सावधानी एवं गंभीरता से किया जाए। आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरे हो तथा सभी आवश्यक दस्तावेज लगे हों। संबल, भवन निर्माण एवं संनिर्माण कर्मकार, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, उज्ज्वला योजना, समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान योजना से छूटे हुए शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभ देना है। उन्होने कहा कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्मित आवासों को चिन्हित कर जियो टैग कराना है तथा जिन हितग्राहियों के मकान निर्माण की प्रगति धीमी है उन्हे तेजी से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित करें। अपर कलेक्टर ने कहा कि अभियान की अवधि तक के लिए अवकाश एवं मुख्यालय छोड़ना प्रतिबंधित रहेगा। विशेष परिस्थिति में कलेक्टर महोदय की पूर्व स्वीकृति अनिवार्य होगी। बैठक में उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें।
