शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए मतदान केन्द्रों में की गई पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था

सीधी धर्मेंद : जिले में नगरीय निकाय के दूसरे चरण का मतदान 13 जुलाई को कराया जा रहा है। इस चरण में नगर पालिका परिषद सीधी के पार्षद पदों के साथ ही नगर परिषद चुरहट, रामपुर नैकिन एवं मझौली में पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। नगर पालिका परिषद सीधी के 56, नगर परिषद चुरहट के 16 तथा रामपुर नैकिन एवं मझौली के 15-15 मतदान केंद्रों में मतदान किया जायेगा। इस चरण में नगर पालिका परिषद सीधी के 24, नगर परिषद चुरहट, रामपुर नैकिन एवं मझौली के 15-15 पार्षद पदों के लिए मतदान किया जाएगा। मतों की मतगणना संबंधित नगरीय निकायों में 20 जुलाई को की जाएगी। 12 जुलाई 2022 को मतदान दलों को उनके मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। सभी दल अपने मतदान केन्द्रों में पहुंच गए हैं। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए मतदान केन्द्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही सतत निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारी तथा जोनल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुजीबुर्रहमान खान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा नगरीय निकायों के निर्वाचन के दृष्टिगत मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई । उन्होंने कड़े निर्देश दिए हैं कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं त्रुटि रहित निर्वाचन सम्पन्न करायें। कलेक्टर श्री खान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित किया गया है कि मतदान केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मतदान कार्य को बाधित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग नियुक्त प्रेक्षक आर एस कनेरिया द्वारा मतदान सामग्री वितरण का निरीक्षण किया गया तथा त्रुटि रहित निर्वाचन के लिए दिशा निर्देश दिए गए। संबंधित उपखण्ड अधिकारियों के निर्देशन में सामग्री का वितरण किया गया।
