जन शिक्षण संस्थान द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजित‘‘मानवता की रक्षा के लिए योग’’ को करें साकार कहा संजय भदौरिया ने

सीधी धर्मेंद : दिन-प्रतिदिन की बढ़ती जरूरतों के परिणाम स्वरूप काम के बोझ के कारण उत्पन्न मानसिक तनाव लोगों में कई तरह की बीमारियों को जन्म दे रहा है जिसके कारण व्यक्ति अवसाद का शिकार हो रहा है तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत न होने के कारण शरीर को कई तरह के जानलेवा संक्रमणों से ग्रसित कर रहा है। मानवता की रक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य हेतु योग एक कारगर उपाय है। हमें वर्तमान परिदृष्य को देखते हुए योग को हर हाल में अपनी दिनचर्या में शामिल किये जाने की जरूरत है। यह सुझाव कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान सीधी के कार्यालय परिसर में 21 जून को आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आयामों से परिचित कराते हुए योग प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित सहकारिता विकास अधिकारी गणेश चन्द्रवंशी ने दिया। सव्यसॉची संस्था सचिव संजय भदौरिया द्वारा प्रतिभागियों के साथ योग करते हुए इससे होने वाले फायदों से उन्हें अवगत कराया गया तथा वर्तमान समय में तरह-तरह की नई मौसमी बीमारियों से खुद को सुरक्षित रखने हेतु हर हाल में योग को अपनी दिनचर्या में शामिल किये जाने पर बल दिया गया। संस्थान के निदेशक जय सिंह ने योग प्रशिक्षक एवं संस्था सचिव का आभार व्यक्त करते हुए यह कहा कि जिस प्रकार से हमें अपनी आजीविका के लिए किसी न किसी हुनर में पारंगत होना आवश्यक है उसी तरह बेहतर स्वास्थ्य हेतु योग भी बेहद महत्वपूर्ण है। ‘‘मानवता के लिए योग’’ थीम पर आधारित यह योग दिवस हमें यह शिक्षा देता है कि हम सब मिलकर भारत की इस प्राचीन परंपरा से जुड़े तथा मानवता की रक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य हेतु लोंगो को जागरूक करने का संकल्प लें। योग दिवस पर यह कार्यक्रम संस्थान के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रों के साथ-साथ कुं0 अर्जुन सिंह सामुदायिक भवन (बैडमिन्टन क्लब) सीधी में भी खिलाडियों मनीश श्रीवास्तव, नवीन कटारिया, रोशन गुप्ता एवं अन्य सहभागियों द्वारा जन शिक्षण संस्थान के बैनर तले योग कर मानवता का संदेश दिया गया।
