रेलवे भूअर्जन में अनियमितता की जांच कर दोषियों पर करें कठोर कार्यवाही कहा सांसद श्रीमती रीती पाठक ने

0 130
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 20 मई को सांसद रीती पाठक द्वारा रीवा-सीधी-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण के प्रगति की समीक्षा की गयी। समीक्षा बैठक में सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि नौढिया ग्राम के रेलवे भूअर्जन के संबंध अनियमितता के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इन सभी शिकायतों की पूरी गंभीरता से जांच की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए। साथ ही दोबारा भुगतान की गई राशि की पूरी वसूली की जाए। सांसद ने कहा कि जांच पूरी तरह से निष्पक्ष हो तथा जो भी दोषी हों उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही हो। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि रेलवे लाइन निर्माण समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित संवाद बनाकर एक टीम के तरह कार्य करने की आवश्यकता है। रेल लाईन का कार्य समय से पूर्ण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होने कहा कि यह कोशिश की जाए कि रेलवे लाइन के निर्माण का कार्य अनावश्यक रूप से बाधित नहीं हो। कार्य हेतु पर्याप्त राशि उपलब्ध है उसका उपयोग करे तथा कार्य में प्रगति लाएं। उन्होने कहा कि सभी संबंधित विभाग नियमित संवाद बनाए रखें तथा आने वाली समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया जाए। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि यदि कार्य में किसी भी प्रकार की कोई समस्या होती है तो हमसे सीधा संपर्क कर सकते है उस समस्या का तत्काल निराकरण करने का प्रयास किया जायेगा। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि रीवा-सीधी-सिंगरौली रेल लाईन कार्य अतिशीघ्र पूर्ण हो। भू-अर्जन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कर जमीन को रेलवे विभाग को हस्तांतरित की जाए जिससे कार्य को पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन प्रोजेक्ट के लिए बजट का अभाव नहीं है। सांसद ने रेलवे के अधिकारियों को सुरंग, पुल, अर्थ वर्क जैसे कार्यों में प्रगति लाने के लिए कहा है। कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने कहा कि कार्य के सुचारू रूप से संचालन के लिए विभागीय समन्वय आवश्यक होता है। कलेक्टर ने कहा कि यदि रेलवे विभाग को कोई समस्या आती है, तो वह सीधे संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण के प्रयास किए जायेंगें। कलेक्टर श्री खान ने बताया कि रीवा-सीधी-सिंगरौली रेलवे लाइन में जिले के 91 ग्राम प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 86 ग्रामों के भू-अर्जन की कार्यवाही पूर्ण हो गयी है। शेष 5 ग्रामों के भू-अर्जन की कार्यवाही प्रचलन में है। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि ऐसी जमीन जिसका अर्जन किया जा चुका है, उस पर कार्य को रोकने का अधिकार किसी भी व्यक्ति को नहीं है। उन्होंने समस्त उपखण्ड अधिकारियों को ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आतंकवाद विरोधी दिवस की शपथ ली गई। उल्लेखनीय है कि 21 मई को आतंकवादी विरोधी दिवस मनाया जाता है। शनिवार 21 मई को शासकीय अवकाश होने से यह शपथ 20 मई को दिलाई गई है। बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण रेलवे ए के सिंह, चीफ इंजीनियर अशोक कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, चुरहट एस पी मिश्रा, उप मुख्य अभियंता निर्माण दीपक मुके, सहायक कार्यकारी निर्माण ए.के. शर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।बैठक के बाद जिले के सांसद रीति पाठक ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जिले में रेलवे के कार्य में धोखाधड़ी करते हुए मुआवजे की राशि का दोबारा भुगतान लेने वालों और इसमें अमिता करने वालों के ऊपर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

News TOP Footer