प्रधान जिला न्यायाधीश ने किया नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ

सीधी धर्मेंद : नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अमिताभ मिश्र द्वारा आज दिनांक 14 मई 2022 को एडीआर सेंटर (मीटिंग हॉल) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय परिषर सीधी में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मुजीबुर्रहमान खान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री बृजेन्द्र सिंह बघेल, जिले के न्यायाधीशगण, अभिभाषक गण, विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मिश्र द्वारा 14 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों के निराकरण के लिए 19 न्यायिक खंडपीठों का गठन किया गया है। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया जावेगा। लोक अदालत के माध्यम से राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों, सिविल प्रकरणों, चेक बाउंस प्रकरणों, वैवाहिक एवं पारिवारिक प्रकरणों, विद्युत अधिनियम के प्रकरणों, धन वसूली प्रकरणों आदि का निराकरण पक्षकारों की आपसी सहमति से किया जावेगा। प्रधान जिला न्यायाधीश श्री मिश्र ने अपील की है कि नेशनल लोक अदालत के अवसर पर न्यायालय में उपस्थित होकर अपने राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण करायें तथा विवाद विहीन समाज की संकल्पना में न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।
