प्रधान जिला न्यायाधीश श्री मिश्र ने लोक अदालत प्रचार रथ को किया रवाना,

0 100
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी श्री अमिताभ मिश्र के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय परिसर सीधी एवं तहसील मुख्यालय चुरहट, मझौली तथा रामपुर नैकिन में दिनांक 14 मई 2022 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा। प्रधान जिला न्यायाधीश श्री मिश्र ने नेशनल लोक अदालत के समुचित प्रचार-प्रसार हेतु दिनांक 07.05.2022 को प्रचार रथ को जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार रथ तथा पंप्लेट्स वितरण के माध्यम से नेशनल लोक अदालत का प्रचार-प्रसार किया जावेगा। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया जावेगा। लोक अदालत के माध्यम से राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों, सिविल प्रकरणों, चेक बाउंस प्रकरणों, वैवाहिक एवं पारिवारिक प्रकरणों, विद्युत अधिनियम के प्रकरणों, धन वसूली प्रकरणों आदि का निराकरण पक्षकारों की आपसी सहमति से किया जावेगा। नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय परिसर में ही प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया जावेगा। न्यायालय में लंबित तथा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण कराने वाले पक्षकारों को निःशुल्क औषधीय या फलदार वृक्ष प्रदान किया जायेगा जो न्यायिक प्रक्रिया में उनके सहयोग के लिए न्याय वृक्ष के रूप में फलित होगा। प्रधान जिला न्यायाधीश श्री मिश्र ने अपील की है कि दिनांक 14 मई 2022 को न्यायालय में उपस्थित होकर अपने राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण कराये तथा विवाद विहीन समाज की संकल्पना में न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।

News TOP Footer