जन शिक्षण संस्थान ने मजदूर दिवस पर श्रमिक महिलाओं का किया सम्मान

सीधी धर्मेंद : 01 मई 2022-मजदूर दिवस के अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान के प्रशिक्षण केन्द्र रामगढ़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिस अवसर पर श्रमिक महिलाओं के सम्मान के साथ-साथ संस्थान द्वारा प्रशिक्षित महिलाओं को सफलता का प्रमाण-पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संस्थान के निदेशक जय सिंह द्वारा श्रमिक महिलाओं के सम्मान के अवसर पर अपने उद्बोधन में श्रमिक दिवस के महत्व एवं इसके आयोजन की पृष्ठभूमि पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई साथ ही श्रमिकों के हित हेतु निर्मित कानून तथा कुशल एवं अकुशल मजदूरों के बीच मूलभूत अंतर पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक श्रमिक को किसी न किसी विधा में पारंगत होने हेतु आहवान किया गया ताकि उनके आय के संसाधनों में बृद्धि हो सके। विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ट लेखाकार राकेश सिंह, हेडवार सरपंच अरूण सेन, समाजसेवी जितेन्द्र सिंह बघेल ने अपने सारगर्भित उद्बोधन से उपस्थित प्रतिभागियों को श्रमिक दिवस के आयोजन तथा इसके इतिहास एवं वर्तमान समय में इसके द्वारा मजदूरों के हितों की रक्षा हेतु उठाए गए कदमों के संबंध में चर्चा की गई। सभी अतिथियों द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को श्रमिक दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए उन्हें अकुशल से कुशल बनाये जाने हेतु संस्थान द्वारा किये गए प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन कर रहे कार्यक्रम अधिकारी बृजेन्द्र सिंह द्वारा उपस्थित महिला श्रमिकों का सम्मान करते हुए उन्हें क्षेत्र की मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना खुद का रोजगार स्थापित करने हेतु अपील की गई ताकि वे भी अपने घर की आवश्यकताओं की प्रतिपूर्ति में अपनी प्रमुख भूमिका का निर्वहन कर सकें। श्रमिक दिवस के इस सफल आयोजन में प्रशिक्षण केन्द्र पर लगभग चालिस महिलाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति सराहनीय रही साथ ही संस्थान के क्षेत्र सहायक शोभा सिंह, रामसुन्दर साकेत, अनुदेशक रेखा विश्वकर्मा, मीना सिंह, शोभनाथ साहू, आदि की सक्रिय भूमिका रही।
