माँ तुझे प्रणाम कार्यक्रम अंतर्गत सीधी की 4 लाड़ली बालिकाएँ अन्तर्राष्ट्रीय सीमा बाघा भ्रमण के लिए रवाना हुई

0 326
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : प्रदेश में बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने एवं महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही महत्वाकांक्षी लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत शासन द्वारा एक सकारात्मक पहल करते हुए प्रतिवर्ष 2 मई से लाड़ली लक्ष्मी उत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है। शासन द्वारा प्रदेश भर में 2 मई से 11 मई तक लाड़ली लक्ष्मी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव के अंतर्गत खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा माँ तुझे प्रणाम कार्यक्रम के अंतर्गत मई माह में प्रदेश की 200 बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय सीमा बाघा- हुसैनीवाला (पंजाब) का भ्रमण कराया जायेगा। भ्रमण के लिये सीधी जिले से लाड़ली लक्ष्मी योजना में पंजीकृत 4 बालिकाओं को भी सम्मिलित किया गया है। इनमें पोड़ी की लाड़ली बिटिया सीमा रजक, पड़री की आंचल सिंह, मड़वास की दो बहनें चंचल सेन एवं पायल सेन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। बालिकाओं के आने-जाने तथा ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था प्रदेश सरकार कर रही है। साथ ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग को नोडल विभाग घोषित कर बालिकाओं की संपूर्ण जबाबदारी सौंपी गई है। शनिवार 30 अप्रैल को महिला एवं बाल विकास की टीम द्वारा जिले की लाड़ली बेटियों को बाघा भ्रमण के लिए रवाना किया गया। लाड़ली बेटियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें बाघा बार्डर जाने का अवसर मिलेगा। यह सब कुछ मामा शिवराज के कारण ही संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री द्वारा लाड़ली बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय सीमा बाघा -हुसैनीवाला (पंजाब) का भ्रमण कराने की पहल से बालिकाओं के परिजनों में हर्ष का माहौल है। परिजनों द्वारा बताया गया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रदेश सरकार की एक ऐसी अनूठी योजना है, जिसमें बालिकाओं की शिक्षा एवं विवाह तक की चिंता प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही है। साथ ही समय-समय पर बालिकाओं के कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, पर्यटन स्थल पर भ्रमण आदि के माध्यम से बालिकाओं का ज्ञानवर्धन किया जा रहा है।

News TOP Footer