रोजगार दिवस’’ पर स्वरोजगार योजना के हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

सीधी धर्मेंद : 30 मार्च प्रदेश के युवाओं को केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में माह के एक दिन को रोजगार दिवस के रूप में मनाया जाता है। 30 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। सीधी जिले में संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय के अटल आॅडोटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कर 583 हितग्राहियों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से 7 करोड़ 51 लाख से अधिक का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। कार्यक्रम में रीवा जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया जिसके माध्यम से उपस्थितजनों ने मुख्यमंत्री श्री चैहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा सुना। जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि रोजगार का मतलब केवल नौकरी ही नहीं है इस बात पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि देने वाले बने इसी मंशा के साथ प्रत्येक माह एक दिन को रोजगार दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। विधायक द्वारा जिले के युवाओं से अपील की गई है कि अपनी क्षमताओं को पहचाने तथा योजनाओं को समझते हुए उनका लाभ लें तथा स्वयं का उद्यम स्थापित करें। ऐसा करने से वह स्वयं तो सक्षम और आत्मनिर्भर होंगे साथ ही अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजन कर पायेंगें। विधायक ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का सपना तभी पूरा होगा जब देश के युवा आत्मनिर्भर होंगें। कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जी की मंशानुसार प्रत्येक माह रोजगार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। पहले रोजगार दिवस 12 जनवरी को 2861 हितग्राहियों को 13 करोड़ रूपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए थे। इसी प्रकार 25 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में 101 हितग्राहियों को 2 करोड़ रूपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए रोजगार आवश्यक है। इसके माध्यम से ही वह अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करता है तभी समाज की उन्नति में प्रभावी योगदान कर सकता है। कलेक्टर ने कहा कि जिले का सीडी रेसियो अन्य जिलों की तुलना में कम है इसे बढ़ाने के प्रयास किए जायेंगे जिससे और अधिक लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगें। कार्यक्रम में योजनाओ के हितग्रहियों को ऋण वितरित किया गया कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र आर एस पाण्डेय, प्रबंधक श्रद्धा किनकर सहित जनप्रतिनिधि संबंधित विभागीय अधिकारी, बैंकर्स एवं हितग्राही उपस्थित रहें।
