100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करायें कहा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने

सीधी धर्मेंद : सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में जिले की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है तथा इस निरंतरता को सतत रूप से बनाए रखने के निर्देश कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा दिए गए हैं। कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाईन में 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए अभियान चलाया जाए तथा 300 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करने की पहल की जाए। इसके साथ ही कलेक्टर ने समाधान में चयनित विषयों से संबंधित शिकायतें तथा हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का कोविड वैक्सीनेशन 23 मार्च दिन बुधवार से शुरू किया जा रहा है। शुरुआत में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे 50 हजार के लगभग बालक बालिकाओं को टीकाकृत किया जाएगा। कलेक्टर श्री खान ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि टीकाकरण की व्यापक कार्य योजना तैयार कर समस्त तैयारियां समय-सीमा में सुनिश्चित की जाएं। सर्वप्रथम स्कूलों में अध्ययनरत बालक बालिकाओं को शामिल किया गया है और उनके विद्यालय पर ही सत्र आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने सभी विभाग प्रमुखों को वित्तीय वर्ष 2021.22 के लिए आवंटित लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सभी लक्ष्यों के गंभीरता से परीक्षण करने तथा स्वरोजगार योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्डए एसजीएच लिंकेज से संबंधित लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने न्यायालयीन प्रकरणों तथा लोकायुक्त से संबंधित प्रकरणों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय, समस्त उपखण्ड अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
