नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करे कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने  

0 142
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा सोमवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की राजस्व न्यायालय वार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री खान द्वारा समस्त राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री खान द्वारा अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि के 6 माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने निर्देशित किया है कि सभी राजस्व अधिकारी अपने न्यायालयों में निर्धारित दिनों में सुनवाई करेंगें। सभी प्रकरणों को पेशी पर रखेगें तथा ऐसे प्रकरण जो पेशी पर नहीं हैं उन्हें पेशी पर लगाया जाए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विभिन्न प्रकरणों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा जारी नवीन निर्देशों तथा व्यवस्थाओं के अंतर्गत कार्यवाही की जाए। विभाग द्वारा निर्धारित प्रारूप में ही आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा संबंधित अधिकारियों से प्रतिवेदन भी निर्धारित प्रारूप में ही लिए जाएं। उक्त निर्देशों के अनुसार कार्यवाही से प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निराकरण किया जा सकेगा। कलेक्टर श्री खान द्वारा 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि मार्च 2022 के पूर्व 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को निराकृत किया जाए। न्यायालय नायब तहसीलदार सेमरिया, मड़वास तथा रामपुर नैकिन में नामांतरण के 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों की संख्या निरंक होने पर कलेक्टर द्वारा सराहना की गई है तथा अन्य न्यायालयों में भी उक्त के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अतिक्रमण की शिकायतों में मौका जांच कर त्वरित कार्यवाही की जाए। सीएम राइज स्कूल तथा चिकित्सालय के लिए चिन्हित जमीन का सीमांकन कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक उपयोग वाले स्थानों को प्राथमिकता पर अतिक्रमण मुक्त करायें। कलेक्टर ने कहा कि अप्रैल माह में अभियान चलाकर शासकीय भवनों एवं परिसरों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाही की जाए। बैठक में अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, उपखण्ड अधिकारी मझौली सुरेश अग्रवाल, सिहावल नीलांबर मिश्रा, चुरहट एसपी मिश्रा, गोपद बनास आनन्द सिंह राजावत, कुसमी आर के सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर श्रेयस गोखले सहित समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहें।

News TOP Footer