प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से छूटे पात्र हितग्राहियों को जोड़ने तहसील मझौली में कलेक्टर की उपस्थिति में प्रशिक्षण सम्पन्न

0 133
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 11 फरवरी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत योजना से छूटे पात्र हितग्राहियों को जोड़ने व अपात्र हितग्राहियों को चिन्हांकित कर उनके संबंध में कार्यवाही करने के लिए सोशल आडिट के माध्यम से कार्यवाही की जानी है। उक्त कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के उद्देश्य से कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान की उपस्थिति में तहसील मझौली में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्रत्येक पात्र किसान को दिए जाने के उद्देश्य से सोशल आडिट के माध्यम से कार्यवाही की जानी है। पूरी कार्यवाही पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से हो तथा इस प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रामसभा के माध्यम से कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर ने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए जिससे ग्राम सभा में किसानों की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित हो सके। किसानों को योजना से मिलने वाले लाभ तथा प्रक्रिया के विषय में भी अवगत कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि योजना के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए शासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए सम्पूर्ण कार्यवाही की जाए। कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि पटवारी ग्रामवार हितग्राहियों की सूची संबंधित पंचायत सचिव को उपलब्ध कराएंगे तथा पंचायत सचिव द्वारा उक्त सूची को प्रत्येक ग्राम में दृष्टव्य स्थान पर चस्पा की जाएगी। उक्त कार्यवाही 14 फरवरी के पूर्व ही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 16 से 20 फरवरी के मध्य प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाए, जिसमें योजना की शर्तों का वाचन तथा हितग्राहियों की सूची का वाचन किया जाए। उपस्थित किसानों द्वारा प्राप्त जानकारी के आधार जांच कर पीएम किसान पोर्टल पर सूची को अद्यतन करने की कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने समस्त तहसीलदारों एवं उपखण्ड अधिकारियों को इस प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका का निर्वहन के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी मझौली सुरेश अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर श्रेयस गोखले सहित तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत , पटवारी एवं पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

News TOP Footer