सीधी जिले के मुरली रजक से मुख्यमंत्री ने किया संवाद, रिकार्ड 50 दिनों में आवास निर्माण पर दी शुभकामनाएं


सीधी धर्मेंद : 28 जनवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा कुशाभाऊ ठाकरें इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत प्रदेश के 3.50 लाख नवीन आवासों की स्वीकृति एवं हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त रूपये 875 करोड़ वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चैहान द्वारा सीधी जिले के पड़रा ग्राम के निवासी मुरली रजक सहित प्रदेश के अन्य जिले के हितग्राहियों से संवाद किया गया। मुख्यमंत्री ने मुरली रजक द्वारा रिकार्ड 50 दिनों में प्रधानमंत्री आवास के निर्माण करने पर शुभकामनाएं दी तथा प्रदेश के अन्य हितग्राहियों से भी इसी तरह अपने आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के लिए कहा गया। मुख्यमंत्री श्री चैहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रदाय की जा रही राशि का सदुपयोग करें तथा प्राथमिकता पर अपने आवास का निर्माण पूर्ण करायें। ऐसे करने से आवास निर्माण में लागत कम आती है तथा यह राशि किसी अन्य कार्य में खर्च नहीं होती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक गरीब के पक्के माकान का सपना पूरा होगा। जो सपना प्रधानमंत्री जी ने देखा है उसे हम मिलकर पूरा करेंगें। मुरली रजक ने मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि मिलने पर सारे काम छोड़कर उन्होने अपना आवास पूर्ण करने पर ध्यान दिया। वह स्वयं राजमिस्त्री है, लेकिन उन्होने अन्य मिस्त्रियों का भी सहयोग लिया। उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने से ही उनके पक्के माकान का सपना पूरा हुआ है। इस योजना के लिये उन्होने प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में सीधी जिले के वर्ष 2021-22 में जिले के 18 हजार 103 नवीन स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों को स्वीकृत पत्र तथा प्रथम किस्त का वितरण किया गया। संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय के अटल आॅडोटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद रीती पाठक, विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम एवं कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा हितग्राहियों को स्वीकृत पत्र वितरित किए गए। जनपद पंचायत कुसमी के 772, मझौली के 5 हजार 26, रामपुर नैकिन के 6 हजार 288, सीधी के 4 हजार 341 तथा सिहावल के एक हजार 676 हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित किया गया। अभी तक जिले में 54 हजार 970 प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण स्वीकृत हुए हैं जिनमें से 44 हजार 36 आवासों का निर्माण पूर्ण हो गया है। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीधी की प्रधान शकुंतला सिंह परिहार, गणमान्य नागरिक इंद्रशरण सिंह चैहान, धर्मेन्द्र सिंह परिहार, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा हिमांशु तिवारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुजीत मिश्रा, सहित योजना के हितग्राही उपस्थित रहें।
