माह से अधिक लंबित राजस्व प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करायें कहा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा सोमवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की राजस्व न्यायालय वार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री खान द्वारा समस्त राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा जारी नवीन निर्देशों तथा व्यवस्थाओं के अंतर्गत कार्यवाही की जाए। विभाग द्वारा निर्धारित प्रारूप में ही आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा संबंधित अधिकारियों से प्रतिवेदन भी निर्धारित प्रारूप में ही लिए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विभिन्न प्रकरणों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। उक्त निर्देशों के अनुसार कार्यवाही से प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निराकरण किया जा सकेगा। कलेक्टर श्री खान द्वारा अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि के प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय सीमा में करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने निर्देशित किया है कि सभी राजस्व अधिकारी अपने न्यायालयों में निर्धारित दिनों में सुनवाई करेंगें। सभी प्रकरणों को पेशी पर रखेगें तथा ऐसे प्रकरण जो पेशी पर नहीं हैं उन्हे पेशी पर लगाया जाए। कलेक्टर श्री खान द्वारा 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा के 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों की संख्या निरंक होने पर आगामी 26 जनवरी को संबंधित राजस्व अधिकारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाएंगे। कलेक्टर द्वारा सभी राजस्व अधिकारियों को न्यायालयों के रिकार्ड दुरूस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस माह से कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर द्वारा राजस्व न्यायालयों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। कलेक्टर श्री खान द्वारा रेलवे भू-अर्जन संबंधी समस्त कार्यवाहियां प्राथमिकता से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने विभागीय समन्वय स्थापित कर कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही रेलवे लाइन से प्रभावित शासकीय भूमियों को रेलवे को दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम हेल्पलाइन के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने निर्देशित किया है कि अभियान चलाकर 300 दिवस तथा 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को अभियान चलाकर निराकृत करायें। इसके साथ ही माह दिसंबर 2021 की समस्त शिकायतों को 20 जनवरी के पूर्व निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में भू-राजस्व वसूली, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना, स्वामित्व योजना अंतर्गत आबादी सर्वे, प्रधानमंत्री किसान योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना आदि के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री खान द्वारा हितग्राही मूलक योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि उक्त योजनाओं के सभी पात्र हितग्राहियों को सहजता से योजनाओं का लाभ मिले। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, उपखण्ड अधिकारी मझौली सुरेश अग्रवाल, सिहावल नीलांबर मिश्रा, चुरहट एसपी मिश्रा, गोपद बनास आनन्द सिंह राजावत सहित समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहें।
