कलेक्टर ने की जल जीवन मिशन के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा

0 193
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 31 दिसम्बर को कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत प्रगतिरत समस्त कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर प्रगतिरत कार्यों को 15 जनवरी 2022 तक पूर्ण करायें। कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों में अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं संविदाकार के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने 15 जनवरी को प्रस्तावित अगली बैठक के पूर्व सभी कार्यों में निर्देशानुसार अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर श्री खान द्वारा निर्देशित किया गया है कि जल जीवन मिशन के कार्यों के दौरान जो भी सड़के क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें अनिवार्य रूप से दुरूस्त कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण यदि किसी प्रकार की दुर्घटनाएं होती हैं तो संबंधित संविदाकार की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक घर को नल से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी कार्यों की सतत निगरानी रखने तथा अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत 37 कार्य प्रगतिरत हैं, जिनमें से 14 कार्य पूर्णता की ओर हैं शेष के लिए 15 जनवरी 2022 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त 49 कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो गई है तथा 55 कार्यो की निविदा कार्यवाही प्रक्रियाधीन हैं। बैठक में वन मंडलाधिकारी क्षितिज कुमार, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एस एल धुर्वे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास आर सी त्रिपाठी, शिक्षा विभाग से सुजीत मिश्रा, जीएम प्रधानमंत्री सड़क महेश सिंह परिहार, जिला समन्वयक प्रमोद दुबे सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा जल जीवन मिशन के संविदाकार उपस्थित रहे।

News TOP Footer