कलेक्टर ने की नगरीय विकास विभाग की समीक्षा नगरीय क्षेत्रों की सड़कों को गड्ढे मुक्त बनाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

0 141
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा जिले के समस्त नगरीय निकायों में प्रगतिरत निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 सहित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों की सड़कों को अभियान चलाकर गड्ढ़े मुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सड़कों में गड्ढ़ों के होने से दुर्घटना की संभावनाएं बनी रहती हैं। सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी अपने नगरीय क्षेत्रों का निरीक्षण कर लें तथा अभियान चलाकर 15 दिसम्बर तक गड्डों को भरने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के दृष्टिगत सभी नगरीय निकायों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने विभिन्न वार्डों का क्लस्टर बनाकर उसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि ये नोडल अधिकारी अपने क्लस्टर में स्वच्छता गतिविधियों के लिए जिम्मेदार होंगें। ये संबंधित वार्डों में स्वच्छता की स्थिति में निगरानी रखेंगे तथा नियमित सफाई के साथ-साथ विशेष सफाई अभियानों का नेतृत्व करेंगें। स्वच्छता गतिविधियों में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करेंगें। कलेक्टर श्री खान ने अतिक्रमण के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में अतिक्रमण को प्रथम स्टेज पर ही रोकने की आवश्यकता है। नगरीय क्षेत्रों में प्रगतिरत निर्माण कार्यों की अनिवार्य रूप से जांच करें तथा यह सुनिश्चित करें कि निर्माण कार्य की विधिवत परमीशन प्राप्त की गई है। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि शासन की सभी हितग्राहीमूलक योजनों में समस्त पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि एक भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रह जाए, इस लक्ष्य को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान ‘‘आपकी सरकार आपके साथ’’ अभियान के रूप में 26 जनवरी 2022 तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत वार एवं नगरीय क्षेत्रों में वार्ड वार शिविरों का आयोजन कर सभी पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किये जाने और उक्तानुसार प्राप्त आवेदनों का निराकरण तत्काल कर शिविर में ही योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किए जाने के निर्देश हैं। कलेक्टर ने समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक वार्डों में निर्देशानुसार शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करें। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा सभी पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का हितलाभ देना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

News TOP Footer