शांति समिति की बैठक आयोजित शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें कहा कलेक्टर पुलिस अधीक्षक ने

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान तथा पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शांति समिति के सदस्यों के माध्यम से जिले वासियो से अपील की गई है कि आगामी त्यौहारों दुर्गोत्सव, विजय दशमी, मिलाद-उन-नवीं तथा दीपावली को शांतिपूर्ण एवं सौहर्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्यौहारों को मनाते समय इस बात का ध्यान रखें की सभी सुरक्षात्मक उपाय कर लिए गए हैं। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हो तथा यातायात का सुचारू रूप से संचालन जारी रहे। बैठक में यातायात के सुचारू संचालन के लिए निर्देशित किया गया है कि व्यापारी अपने दुकानों के बाहर सामान आगे बढ़ा कर नहीं रखेंगें। दुकानों में थोक का सामान रखने के लिए रात्रि के समय का उपयोग करेंगे जब यातायात नगण्य हो तथा सुबह उन गाड़ियों को रास्ते से अनिवार्य रूप से हटा लेंगें। दुर्गोत्सव में मूर्ति स्थापना के पूर्व नियमानुसार अनुमति प्राप्त करनी होगी। प्रत्येक दुर्गा पंडाल के आयोजकों को वालेंटियर्स की सूची अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। दुर्गा पंडालों में विद्युत की व्यवस्था सुचारू रूप से करनी होगी तथा सभी सुरक्षात्मक उपाय अपनाने होंगें। विद्युत सप्लाई में खुले तारों का प्रयोग नहीं करें। विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक पण्डाल की जांच कर सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में कहा गया की पटाखों के भण्डारण और बिक्री केलिए वैध लायसेंस तथा निर्धारित मापदण्डों को पूर्ण करना अनिवार्य होगा। पटाखों का भण्डारण आबादी वाले स्थानों तथा बाजारों में नहीं किया जा सकेगा। पटाखों की दुकानों के पास सभी सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएगे। उक्त व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए निरंतर छापेमारी की कार्यवाही की जाएगी। निर्देशों के उल्लंघन पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। समय-समय पर प्राप्त होने वाले निर्देशों से अवगत कराया जाएगा जिसका कड़ाई से पालन कराया जाए। अनावश्यक भीड़ -भाड़ से बचे तथा मास्क एवं सेनेटाइजर का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। रैली जुलूस के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुमावत ने कहा कि पुलिस द्वारा सतत रूप से चैकसी रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को अवगत कराएं। तुरंत कड़े एवं प्रभावी कदम उठाए जाएगें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, शांति समिति के सदस्य अंजू केशरी पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सीधी, विनय वर्मा, अनिल कुमार श्रीवास्तव पूर्व पार्षद, रामलखन भारती, रामविलाश गुप्ता, सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
