शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों का होगा बेसलाईन सर्वे बताया जिला शिक्षा अधिकारी ने

सीधी धर्मेंद : जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देकर बताया है कि विगत सत्र में कोविड-19 संक्रमण के कारण लम्बे समय तक विद्यालय बन्द रहे इस कारण विद्यालयों में नियमित कक्षाओं का संचालन बहुत ही अल्प समय के लिये हो सका। विद्यालय बन्द रहने के कारण विद्यार्थियों के स्तर पर भी प्रभाव पडा है एवं कई विद्यार्थी अपेक्षित ग्रेड स्तर से पीछे रह गये है। इसके अतिरिक्त गत सत्र में सभी निर्धारित परीक्षायें सम्पन्न नही हो सकी थी। उपचारात्मक कक्षाओं के संचालन हेतु वर्तमान में विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आंकलन करना होगा। इस हेतु कक्षा 9वीं से 12वीं तक सभी विद्यार्थियों के लिये एक बेस लाईन सर्वे आयोजित किया जा रहा है। यह सर्वे दिनांक 23 से 28 अगस्त 2021 वाले सप्ताह में स्कूल परिसर में आयोजित किया जायेगा। उन्होने बताया कि कोविड संक्रमण के कारण नियमित कक्षायें संचालित न होने के कारण विद्यार्थियों के सीखने के स्तर पर हुये प्रभाव का आंकलन करना। बेसलाईन सर्वे के परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों के अध्यापन हेतु नीति तैयार करना यथा विद्यार्थियों को उनके सीखने के स्तर के आधार पर विद्यार्थियों के समूह तैयार करना एवं उनके लिये उपचारात्मक कक्षाओं का संचालन करना। बेसलाईन सर्वे से पूर्व पालक शिक्षक सम्मेलन आयोजित किया जायेगा और अभिभावकों से विद्यार्थियों को स्कूल भेजने हेतु अनुरोध किया जायेगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यो को बेसलाईन सर्वे हेतु निर्देश भेज दिये है एवं अभिभावकों से अपील की है कि अपने बच्चों को 23 से 28 अगस्त 2021 वाले सप्ताह में स्कूल आवश्यक रूप से भेजे।
