निःशुल्क राशन वितरण 7 अगस्त को कलेक्टर रवीन्द चौधरी ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अंतर्गत निःशुल्क राशन वितरण कार्यक्रम 7 अगस्त 2021 को सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में किया जाना है। प्रदेश के साथ-साथ सीधी जिले में भी प्रत्येक दुकान से कार्यक्रम का आयोजन कर 100 हितग्राहियों को निःशुल्क खाद्यान्न प्रदान किया जाएगा। समय-सीमा पत्रों की आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी ने सभी संबंधित अधिकारियों को गरिमामय एवं व्यवस्थित ढंग से कार्यक्रम के आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने समस्त उपखण्ड अधिकारियों को अपनी निगरानी में कार्यक्रम संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कार्यक्रम के पूर्व सभी दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने दुकानवार नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को तथा हितग्राहियों को सम्मान सहित आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन के देखने सुनने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी द्वारा राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि राहत के प्रकरणों में पूरी संवेदनशीलता से कार्य करें। उन्होने कहा कि भारी बारिश के कारण होने वाली क्षति का अंाकलन मानवीय दृष्टिकोण के साथ करें। गरीब व्यक्तियों को अनावश्यक भटकना नहीं पड़े ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कलेक्टर ने भारी बारिश में जलमग्न होने वाली पुल-पुलिया रपटा आदि में सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने लोक निर्माण विभाग को संभावित स्थलों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री चैधरी द्वारा सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित समय-सीमा में ही सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रूप से शिकायतों के लंबित पाए जाने पर संबंधित एल1 तथा एल2 अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री चैधरी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण नियमित रूप से किया जाना चाहिए। प्रत्येक विभाग प्रमुख अपने विभाग की सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की स्थिति की स्वयं समीक्षा करें। हितग्राही मूलक योजनाओं तथा भुगतान संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल नामदेव धोटे, समस्त उपखण्ड अधिकारी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
