टीकाकरण के लिए लोगों को जागृत करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका कहा कलेक्टर रवीन्द चौधरी ने

0 333
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु अधिक से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन लगाने के लिए जिले में 21 जून से वैक्सीनेशन महाअभियान प्रारंभ किया जा रहा है। लोगों को वैक्सीनेशन हेतु जागरूक किए जाने के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मीडिया कार्यशाला सह प्रेस वार्ता में कलेक्टर रवींद्र कुमार चैधरी ने कहा कि किसी भी अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों के बीच अभियान के संबंध में जानकारी और जागरूकता होना आवश्यक है तथा इसमें प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के दौरान मीडिया ने सराहनीय कार्य किया है, जिससे संक्रमण को रोकने में सफलता प्राप्त हुई है। अब हमें जिले को कोरोना संक्रमण से मुक्त रखने के लिए सभी के टीकाकरण के लिए प्रयास करने होंगे। मीडिया कार्यशाला में कलेक्टर श्री चैधरी ने बताया कि जिले ने अप्रैल माह में टीकाकरण में अच्छा कार्य किया है, लेकिन मई माह में कोरोना संक्रमितों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि तथा भ्रांतियों के कारण टीकाकरण की प्रगति में कमी आयी है। लोगों के मन में वैक्सीनेशन से जुड़ी जो भ्रांतियां हैं उन्हें दूर करना जरूरी है। शासन-प्रशासन द्वारा लोगों को कोविड वैक्सीनेशन हेतु जागरूक करने तथा अधिक से अधिक वैक्सीनेशन हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। गॉवों और शहरों में प्रत्येक स्तर पर लगातार विभिन्न माध्यमों से लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु सावधानी बरतने और वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान की सफलता मीडिया के सक्रिय सहयोग के बिना संभव नहीं है। कलेक्टर ने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान के प्रथम दिवस 21 जून को सम्पूर्ण जिले में 8 हजार 2 सौ लोगों को कोविड वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मीडिया के साथियों का सहयोग अपेक्षित है। महाअभियान में अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के लिए जिले में 70 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। उन्होंने मीडिया के सभी साथियों से वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने हेतु लोगों को जागरूक करने और वैक्सीनेशन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने हेतु सहयोग की अपील की। कलेक्टर श्री चैधरी ने कहा कि कोरोना का संक्रमण अभी कम जरूर हुआ है, लेकिन यह पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है। हम सभी को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी को अपनी जीवन चर्या में शामिल करना होगा। केवल अतिआवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें, घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाकर रखें, भीड़भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचें, दो गज की दूरी का ध्यान रखें तथा अपने हाथों को सेनेटाइज करते रहें। कोरोना के संभावित लक्षण होने पर तत्काल अपने नजदीकी फीवर क्लीनिक में कोरोना की जांच कराएं तथा स्वयं को आइसोलेट कर चिकित्सीय मार्गदर्शन में ही अपना उपचार कराएं। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने में हमारी जागरूकता ही मार्ग दिखाएगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेंद्र बिहारी दुबे ने बताया कि कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। जिले में निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में अब तक लगभग एक लाख 35 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है, किसी को भी गंभीर समस्याएं नहीं हुई हैं। उन्होंने बताया कि टीका लगने के बाद कुछ व्यक्तियों को बुखार आना या दर्द होना स्वाभाविक है। यह 1 से 2 दिन में पूरी तरह ठीक हो जाता है। इससे घबराएं नहीं और अपने जीवन की रक्षा के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं मीडिया कार्यशाला में मीडिया के अनेक सार्थियों द्वारा वैक्सीनेशन हेतु लोगों को जागरूक किए जाने के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। मीडिया कार्यशाला जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

News TOP Footer