सीधी के पूजापार्क में आयोजित हुनर हाट में महिला उद्यमियों को मिली सराहना

सीधी धर्मेंद : अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हुनर हाट का आयोजन पूरे प्रदेश में किया गया। सीधी जिले में स्थानीय पूजा पार्क में हुनर हाट का आयोजन किया गया। पूजापार्क में आयोजित हुनर हाट में सतगुरू स्वसहायता समूह सीधी, लक्ष्मी स्वसहायता समूह टीकटकला, लक्ष्मी स्वसहायता समूह सौधिया, सरस्वती स्वसहायता समूह पनवार चैहानन टोला, जानकी स्वसहायता समूह देवरी, ज्योति स्वसहायता समूह हर्दिया पवाई, प्रधानमंत्री स्वसहायता समूह गंजरी तथा नीता स्वसहायता समूह सेन्दुरा द्वारा अपने उत्पादों के स्टाल लगाये गये थे। इनके द्वारा चिप्स, पापड़, चावल जलेबी, अचार-मुरब्बा, मसाला, हल्दी, धनिया पाउडर, निरमा, हैण्डवास, कोदौकुटकी, बांस के बने उत्पाद सहित विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाते हैं। हुनर हाट में इनके उत्पादों की सराहना की गयी। समूह की महिलाओं का कहना है कि समूह से जुड़ने से पहले उनमें से कई खेती मजदूरी का कार्य करती थी और कुछ घर पर रहकर कार्य करती थी। इन्हें अपनी छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार साहूकारों के पास से ऋण लेकर खर्च चलाना पड़ता था। उन्होने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद वह छोटी-छोटी बचत करके उन पैसों को उत्पादक गतिविधियों में लगाने लगी। जो काम पहले छोटे पैमाने से शुरू हुआ था आज समूह की शक्ति से बड़ा हो गया है। आज समूह ने न केवल हमारी आर्थिक स्थिति अच्छी की है बल्कि हमारी सामाजिक स्थिति में भी सुधार हुआ है। लोगों के बीच में पहचान बनी है। समूह की महिलाओं का मानना है कि इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुयी है।
