मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुरू हो रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के संबंध में जनप्रतिनिधियों, धर्म गुरुओं तथा अधिकारियों से संवाद किया


कृतिका सीधी :
14 जनवरी को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से 16 जनवरी से शुरू हो रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के संबंध में जनप्रतिनिधियों, धर्म गुरुओं तथा अधिकारियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वैक्सीन प्रदेश की जनता के लिये कोरोना मुक्ति देने वाली संजीवनी बूटी है। वर्तमान में वैक्सीन ही कोरोना से बचाव का सबसे कारगर उपाय है। यह वैक्सीन वैज्ञानिकों के अथक प्रयासों और कई परीक्षणों के बाद जारी की गई है। कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित और कारगर है। सबसे पहले प्रदेश के चार लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को कोरोना टीके लगाये जायेंगे। उसके बाद पुलिस, नगरीय निकाय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा राजस्व अमले को कोरोना के टीके लगेंगे। इसके बाद प्रदेश के 50 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को टीके लगाये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 जनवरी से विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है। इसके लिये पूरे प्रदेश में टीकाकरण के लिये व्यापक प्रबंध किये गये हैं। कमिश्नर और कलेक्टर इन प्रबंधों की सतत निगरानी रखें। मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल धर्म गुरूओं तथा जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना टीकाकरण के लिये सकारात्मक वातावरण बनायें। कोविड टीके पूरी तरह से सुरक्षित है। इसके संबंध में कोई भी व्यक्ति भ्रामक बातें न करे। यह टीका हर व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा के लिये है। मुख्यमंत्री ने मीडिया के मित्रों से भी कोरोना टीकाकरण के लिये सकारात्मक वातावरण बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक वैक्सीन के थोड़े बहुत दुष्प्रभाव होते हैं। टीके लगाने के बाद हजारों, लाखों व्यक्तियों में से किसी एक को थोड़ी-बहुत परेशानी होती है। इससे निपटने के लिये प्रत्येक कोरोना टीकाकरण केन्द्र में पर्याप्त व्यवस्थायें की गई हैं। टीकाकरण अभियान में प्रत्येक केन्द्र में पहला टीका सफाईकर्मी भाई को लगेगा। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में अतिरिक्त मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान ने प्रदेश भर में शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान की विभिन्न चरणों की बिन्दुवार जानकारी दी। सीधी एनआईसी कक्ष से विधायक सीधी श्री केदारनाथ शुक्ल, कलेक्टर श्री रवींद्र कुमार चैधरी, अपर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, सीईओ जिला पंचायत श्री आर के शुक्ला, सीएमएचओ डॉ. बी एल मिश्रा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं धर्मगुरु सम्मिलित हुए। विधायक श्री शुक्ल द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे देश हित और समाज हित में कोरोना का टीका लगवाएं।-

एनटीवी इंडिया न्यूज़
खबर जरा हट कर –
