गरीब कल्याण सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र हितग्राहियों, को वितरित किया गया किसान क्रेडिट कार्ड


कृतिका सीधी :
22 सितम्बर को गरीब कल्याण सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र हितग्राहियों, दुग्ध उत्पादक कृषकों तथा मत्स्य पालक कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण एवं सहकारी बैंकों द्वारा कृषकों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करने का ‘सबको साख-सबका विकास’ कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तर पर आयोजित किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चैहान द्वारा 63 हजार कृषकों, पशुपालकों एवं मत्स्य पालक हितग्राहियों को नवीन किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। साथ ही प्रदेश के किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण प्रदान करने के लिये सहकारी बैंकों/समितियों को 800 करोड़ रूपये की शासकीय सहायता भी उपलब्ध कराई गई। सीधी जिले के 731 पीएम किसान सम्मान निधि के लाभांवित नवीन कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय किए गए हैं, जिसकी स्वीकृत साख सीमा 5 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही जिले के पशु पालकों एवं मछली पालकों को भी किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय किए गए हैं। स्थानीय संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय के ऑडोटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर रवींद्र कुमार चैधरी, अपर कलेक्टर हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आर के शुक्ल, गणमान्य नागरिक इंद्रशरण सिंह चैहान, सुरेश सिंह चैहान द्वारा योजना से लाभांवित कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में ग्राम अमरवाह के कृषक राकेश प्रताप सिंह, नागेंद्र सिंह, कुंजराज सिंह, बम्हनी के संतोष कुमार, झगरहा के गोविंद नारायण तथा सेमरिया के शुभम सोनी को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय किए गए। इसके साथ ही पशुपालक कृषकों सुअरगात के अनिल सिंह, झलवार के सुरेश यादव, नैकिन के सीताराम, सरोकला के समरबहादुर सिंह तथा बमोरी की निरसुआ देवी को क्रेडिट कार्ड अतिथियों द्वारा प्रदाय किए गए। किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से कृषकों में खुशी एवं उत्साह रहा। लाभान्वित कृषकों ने कहा कि क्रेडिट कार्ड मिलने से उन्हें अपनी कृषि आधारित गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी। उन्हें अब पैसों की आवश्यकता होने पर साहूकारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, जिसका उपस्थित जनों द्वारा अवलोकन किया गया। इस कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था शाखा/संस्था कार्यालय एवं उचित मूल्य दुकानों तथा पंचायत भवनों में भी कोविड- 19 प्रोटोकाल के साथ की गई।

एनटीवी इंडिया न्यूज़
खबर जरा हट कर –
