जिले में यूरिया खाद का संकट किसानों की बढ़ी मुसीबतें

0 349
Main Ad1

सीधी:धर्मेंन्द्र

किसानों को धान की फसल में यूरिया खाद डालने को लेकर सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। स्थिति यह है कि एक अगस्त से ही जिले में एक भी बोरी यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पाया है जिस वजह से किसानों की मुसीबत बढ़ी है। वहीं बाजार में महंगे रेट पर यूरिया बेचे जाने की जानकारी मिली है। इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारी भी चाहते हुए कोई पहल नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि जिला कलेक्टर द्वारा एक हजार मिट्रिक टन यूरिया की मांग की गई है उम्मीद की जा रही है कि सोमवार तक कुछ मात्रा में खाद उपलब्ध हो पाएगी।
Main Ad1
किसानों के लिए यूरिया खाद इन दिनों आफत बनी हुई है। भले ही सरकार ये कहे कि किसान अन्नदाता हैं, लेकिन जब उन्हे समय पर खाद बीज उपलब्ध नहीं हो पाता है तो भला वे कैसे खेती कर पाएंगे। धान में यूरिया की अब बेहद जरूरी है। ऐसी स्थिति में जिले में यूरिया खाद की कमी किसानो के लिए समस्या बन गई है। बाजार में भले ही महंगे रेट में यूरिया बिक रही है लेकिन सरकारी तंत्र द्वारा यूरिया की सप्लाई नहीं की जा रही है।
बताया गया है कि एक अगस्त से यूरिया न आने के कारण किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। विपणन संघ के माध्यम से पहले खाद की सप्लाई की जाती थी लेकिन अब यह जिम्मा सोसायटी में कर दिया गया है जहां किसान जाते हैं लेकिन उन्हे यूरिया नहीं मिल पा रही है।
विपणन संघ के प्रभारी दीपक पाण्डेय के अनुसार अब तक मात्र 8 सौ मिट्रिक टन यूरिया खाद गोदाम में आई थी जिसकी सप्लाई हो चुकी है। इसके बाद अब खाद उपलब्ध नहीं हो पाई है। उनके अनुसार सोमवार तक खाद आने की उम्मीद है। ऐसी स्थिति में किसानों को खेत में यूरिया डालने के लिए समस्या बनी हुई है।
सरकार कर रही किसानों के साथ अन्याय : बाबा
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह बाबा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। मालगाड़ी के माध्यम से केन्द्र सरकार को यूरिया खाद उपलब्ध करानी चाहिए लेकिन हमने भी पता किया तो मालुम हुआ कि अगस्त महीने से खाद की कमी बनी है। उन्होने कहा कि किसानों के हितैषी बनने वाली भाजपा सरकार द्वारा जो अनदेखी की जा रही है आज किसान परेशान हैं। उस पर सरकार कोई पहल नहीं कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होती तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना देने के लिए मजबूर होगी।
जल्द आएगी यूरिया खाद की खेप : इन्द्रशरण
भाजपा जिलाध्यक्ष इन्द्रशरण सिंह चौहान ने कहा कि यूरिया खाद की कमी जिले में नहीं होने पाएगी। इसके लिए मेरे द्वारा कलेक्टर से भी बात की जा चुकी है। जल्द ही यूरिया खाद की खेप आएगी। किसानों को किसी तरह की दिक्कतें नहीं आने पाएगी, इसके लिए भाजपा सरकार कटिबद्ध है।
मांगी गई है एक हजार मिट्रिक टन यूरिया खाद : कलेक्टर
जिला कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि इस माह यूरिया की आवक न होने के कारण किसानों को दिक्कतें हैं इसके लिए एक हजार मिट्रिक टन यूरिया खाद की मांग की गई है। इसके अलावा अगले किस्त में जरूरत के अनुसार फिर मांग की जाएगी। उन्होने कहा कि उम्मीद की जा रही है कि सोमवार तक खाद उपलब्ध हो जाएगी।
किसान मोर्चे के पदाधिकारी साधे हैं चुप्पी
किसानों के शुभचिंतक बनने वाले प्रमुख राजनीतिक दलों के किसान मोर्चे के पदाधिकारी किसानों की समस्या को लेकर आवाज उठाना उचित नहीं समझ रहे हैं जबकि विपक्ष में कांग्रेस पार्टी के किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष को चाहिए कि इस मामले में कोरोनावायरस संक्रमण के चलते भले ही धरना प्रदर्शन न करें लेकिन कम से कम कलेक्टर को ज्ञापन देकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए लेकिन वे किसानों की सुध करना उचित नहीं समझते। वहीं सत्ता के किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष से तो किसानों की समस्या को लेकर कोई मतलब नहीं दिख रहा है। सरकार के खिलाफ भले ही आवाज न उठाये लेकिन किसानों के आफत पर पहल करना उनका भी कर्तव्य बनता है।
News TOP Footer