सीधी जिले के प्रवास पर आए एमडी म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड एवं प्रभारी सचिव जिला सीधी आकाश त्रिपाठी (आईएएस) ने जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण हेतु की गई व्यवस्थाओं की बिन्दुवार समीक्षा की

0 155
Main Ad1

कृतिका सीधी :

सीधी जिले के प्रवास पर आए एमडी म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड एवं प्रभारी सचिव जिला सीधी आकाश त्रिपाठी (आईएएस) ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण हेतु की गई व्यवस्थाओं की बिन्दुवार समीक्षा की। प्रभारी सचिव ने कहा कि कोविड-19 के प्रति संवेदना बढ़ाते हुए जनता के व्यवहार को बदलने की आवश्यकता है। संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ आमजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। कोविड का संक्रमण न फैले इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए। प्रभारी सचिव श्री त्रिपाठी ने जिले में राज्य के बाहर तथा जिले के बाहर से आने वाले व्यक्तियों को घरो में ही क्वारेंटाइन एवं आइसोलेशन किए जाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले की सीमा में बनाए गए चेक-पोस्टों में बाहर से आने वाले लोगों की तत्परता के साथ नियमित जांच कराने तथा आवश्यक जानकारी रजिस्टर में दर्ज करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया है कि होम क्वॉरेंटाइन व्यक्तियों की सार्थक लाइट एप के माध्यम से निगरानी रखी जाए। इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप में निकटतम उपचार केन्द्र, नोडल अधिकारी का नाम, उसका दूरभाष क्रमांक, सेम्पल संग्रह केन्द्र और फीवर क्लीनिक की जानकारी प्राप्त होती है। प्रभारी सचिव ने जिले में संचालित फीवर क्लीनिक का प्रचार-प्रसार प्रभावी तरीके से करने, बाहर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग, सैम्पलिंग तथा जांच का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी सचिव श्री त्रिपाठी ने कंटेनमेंट एरिया में कड़ी निगरानी रखने तथा वहाँ के लिए निर्धारित प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन कराये जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होने पॉजिटिव मरीज मिलने पर उसके सभी संपर्कियों की पहचान कर तलाश करने, स्क्रीनिंग, सैम्पलिंग एवं जांच का कार्य तत्परता से करने, पॉजिटिव तथा संदिग्ध मरीजों को लक्षणों के आधार पर अलग-अलग केन्द्रों में रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड केयर सेंटर में मेडीकल स्टाफ के साथ हर समय एक एम.बी.बी.एस. डॉक्टर की तैनाती रखने, भर्ती मरीजों के खान-पान तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखी जाए। प्रभारी सचिव ने कहा कि जिले में अभी स्थिति नियंत्रण में है तथा कोरोना के प्रकरण अनियंत्रित रूप से न बढ़े जिसके लिए मास्क का उपयोग बाध्यकारी किया जाय, हाट, बाजार, सब्जी मण्डी, अनाज मण्डी दुकानों के साथ शहरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में मास्क के प्रयोग को अनिवार्य किये जाने के लिए व्यापक स्तर पर पुलिस, राजस्व एवं ग्रामीण विकास विभाग के अमले द्वारा निगरानी के साथ चालानी कार्यवाही भी की जाय। उन्होंने कहा कि आने वाले त्यौहारों में कोरोना के नियंत्रण एवं जागरूकता से संबंधित तैयारियाॅ सुनिश्चित की जाय। इसके साथ ही घर पर ही त्यौहारों को मनाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाय। उन्होंने निर्देशित किया है कि निजी अस्पतालों, नर्सिंगहोम में आने वाले मरीजों पर निगरानी बढ़ाते हुए इन अस्पतालों से संदिग्ध प्रकरणों की जानकारी प्रतिदिन प्राप्त की जाय तथा ऐसे मरीजों को कोरेन्टीन किये जाने की कार्यवाही भी की जाय। सार्थक एप में सभी आर.आर.टी. , एल.एम.यू. टीम को मैप कर निगरानी बढ़ाई जाय। कोरोना पाॅजिटिव प्रकरण पाये जाने पर छोटे-छोटे आकार के कंटेन्टमेन्ट एरिया बनाकर निगरानी रखी जाय। श्री त्रिपाठी ने निर्देशित किया कि पाॅजिटिव पाये गये प्रकरणों को बिना पी.पी.ई. किट के एक स्थान से दूसरे स्थान पर न ले जाया जाय। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित एवं अन्य मैदानी अमले को अयुर्वेद विभाग द्वारा प्रदाय किये गये काढ़े का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया जाय। बैठक में कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी, पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत, अपर कलेक्टर हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राकेश कुमार शुक्ल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. मिश्रा, समस्त उपखंड अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

Main Ad1

एनटीवी इंडिया न्यूज़

खबर जरा हट कर –

 

News TOP Footer