जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने किया सभी कंटेंटमेंट एरिया का निरीक्षण


कृतिका सीधी :
जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशाशन स्थिति को गंभीरता से ले रहा है इसी कड़ी में जिले के कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी एवं पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत ने सीधी शहर एवं उससे जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए कंटेनमेंट एरिया का निरीक्षण कर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि कंटेनमेंट एरिया से आवाजाही पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगी, कंटेनमेंट एरिया में सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, कंटेनमेंट एरिया का नियमित सघन सर्वे किया जाए, कंटेनमेंट एरिया का नियमित सेनेटाईजेशन किया जाए, किसी भी व्यक्ति को सर्दी, खांसी या बुखार की समस्या होने पर तत्काल उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। इस दौरान उन्होंने कंटेनमेंट एरिया के निवासियों से चर्चा भी की तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाईजरी के पालन की अपील की है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सीधी शहर के कंटेनमेंट एरिया पटेल पुल, ऊँची हवेली, दक्षिण करौंदिया, जमोड़ी वार्ड 8, आजाद नगर एवं डैनिहा तथा इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के कंटेनमेंट एरिया जमोड़ी सेंगरान एवं नौगवां धीर सिंह का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान उपखण्ड अधिकारी गोपदबनास नीलांबर मिश्रा, तहसीलदार गोपदबनास लक्ष्मीकान्त मिश्रा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह परिहार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री चैधरी ने जिले की जनता से अपील की है कि सरकार द्वारा जारी एडवाईजरी का पालन करें। जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण से लड़ने की समस्त आवश्यक कार्यवाही की जा रही हैं। प्रशासन इसके लिए पूरी तरह से तैयार है, घबरायें नहीं। उन्होंने सभी से अपील की है कि यथा संभव अपने-अपने घरों में ही रहें तथा शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करें और अति आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि मास्क का प्रयोग करें, नियमित अंतराल में हाथ को साबुन और पानी से धोते रहें, दो गज की दूरी का ध्यान रखें तथा स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या होने पर तत्काल जिलास्तरीय कण्ट्रोल रूम नंबर 07822-297521 पर सूचित करें।

एनटीवी इंडिया न्यूज़
खबर जरा हर कर –
