मझौली थाना अन्तर्गत पुलिस चौकी पथरौला के नारायणपुर घाटी में अनियंत्रित होकर आटो पलट जाने से एक महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है।
घटना के संबंध में हमारे मड़वास संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक आटो क्रमांक एमपी 53 आर 2865 जो कुशमी जनपद के ग्राम पोड़ी से चौपाल कोठार जा रहा था। आटो जैसे ही नारायणपुर घाटी में पहुंचा तो आटो चालक राजबहादुर जायसवाल पिता बैजनाथ जायसवाल 35 वर्ष निवासी चौपाल कोठार अपना नियंत्रण खो दिया और आटो बुरी तरह से पलट गया। बताया गया कि आटो में बच्चों सहित 9 लोग बैठे थे। जिसमें सवार एक महिला सुनीता रजक पति हरिबंश रजक 55 वर्ष निवासी चौपाल कोठार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि 5 गंभीर रुप से घायल लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली उपचार के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना पर पथरौला पुलिस चौकी प्रभारी योगेश मिश्रा ने घटना स्थल पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना करते हुए मौका पंचनामा तैयार करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मझौली मर्चुरी भेज दिया गया।