परिवहन किराए का भुगतान सोनिया गांधी का ऐतिहासिक फैसला: ज्ञान सिंह

सीधी
देश के विभिन्न राज्यों से अपने गृह ग्राम तक पहुंचने में लगने वाले किराए का भुगतान अप्रवासी मजदूरों को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा लिया गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब देशभर में 25 मार्च से लाक डाउन लागू है रोजगार के साधन बंद है, ऐसी स्थिति में देश के विभिन्न राज्यों में जीविकोपार्जन के लिए बाहर गए श्रमिक आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं और उनके पास खाने-पीने का सामान नहीं बचा, जमा पूंजी भी समाप्त हो रही है। इस विकट परिस्थिति में उन्हें अपने परिवार सहित निज गृहग्राम लौटने के अलावा कोई रास्ता नहीं दिख रहा है। ऐसी परिस्थिति में सरकार द्वारा कुछ ट्रेनें एवं बसें जरूर चलाई जा गई हैं लेकिन किराए की राशि गरीब श्रमिकों से वसूली जा रही है। जिसके पास खाने तक के लिए पैसे नहीं बचे हैं वो किराए की राशि कहां से देंगे।
प्रदेश महामंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस आपदा की परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी का आगे बढ़कर गरीबों के परिवहन के किराए की राशि का भुगतान करने का फैसला लेना स्वागत योग्य है। प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के प्रतिनिधि जनता में यह प्रचार कर वाहवाही लूटने में लगे हैं कि श्रमिकों को उनके गंतव्य तक निशुल्क पहुंचाया जा रहा है जबकि वास्तविकता इससे कोसों दूर है। ऐसे कई उदाहरण सामने आ रहे हैं जिसमें श्रमिकों को अपने रिश्तेदारों मित्रों से पैसे उधार लेकर ट्रैवल एजेंसी या बस मालिकों को किराए का भुगतान करना पड़ रहा है। जिसका ताजा उदाहरण सीधी जिले में सूरत से आए हुए श्रमिक हैं जिनसे 3600/- रुपए प्रति व्यक्ति किराया वसूल किया गया है। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारें चंद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के द्वारा अपनी वाहवाही लूटने के लिए झूठा प्रचार प्रसार दिखाने में व्यस्त रहती हैं जबकि जनता का असली दर्द उसके बीच कार्य करने वाले कांग्रेस के सक्रिय एवं सजग कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाता है। जिससे कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर पर जनहित में मजबूत फैसले किए जाते हैं।
