दुल्ला-दुल्हन के सात फेरे लेने से पहले पहुंची पुलिस, लॉक डाउन में मंदिर में थी शादी की तैयारी, पुलिस ने डाला रंग में भंग

0 344
Main Ad1

सीधी
कोरोना संकट के लॉक डाउन के दौर में पुलिस की लगातार सख्ती के बीच भी कुछ लोग कानून को अपने हांथ में लेने से बाज नहीं आते। ऐसा ही एक मामला जिले के सेमरिया चौकी अंतर्गत आया है। जहां दूल्हा और दुल्हन सात फेरों के साथ बढ़ौरानाथ मंदिर में शादी के बंधन में बंधने ही वाले थे कि चोरी-छिपे हो रही शादी की भनक सेमरिया चौकी प्रभारी को लग गई।
बस फिर क्या था सेमरिया चौकी प्रभारी द्वारा सीधी पुलिस कप्तान आर.एस. बेलवंशी को सूचित करने के उपरांत प्राप्त निर्देशों के तहत चौकी प्रभारी अपने दलबल के साथ बढ़ौरानाथ मंदिर पहुंचे और युवक-युवती और उनके साथ आए परिजनों को अपने साथ पुलिस चौकी ले गये।
मिली जानकारी के मुताबिक लल्लु भुंजवा पिता बद्री 42 साल निवासी कोठार, थाना कोतवाली सीधी द्वारा अपनी लड़की की शादी चौफाल पवई में अंश कुमार भुजवा पिता बिन्दू (उम्र 22 साल) के साथ चार साल पहले की गई थी। वहीं रविवार को दोपहर 1 बजे बढ़ौरानाथ मंदिर में युवक अंश कुमार भुजवा कन्ताली भुंजवा ग्राम धुम्मा थाना कर्मजी की लड़की राजकुमारी (उम्र 18 साल) के साथ जयमाला से शादी कर रहा था इसी बात पर से दूसरी शादी करने जा रहे अंश कुमार भुजवा और लल्लु भुजवा के परिवार वालों के बीच जमकर मारपीट भी हुई।

Main Ad1

कई धाराओं में मामला दर्ज

देश एक तरफ कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है, शादी-विवाह समेत तमाम सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगा हुआ है, ऐसे समय में कानून को अपने हांथ में लेने के आरोप में युवक व युवती समेत उनके परिजनों के खिलाफ पुलिस ने धारा 294, 323, 506 188, 269, 270 , 34, भादावि एवं धारा 51 आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
बता दें कि सरकार ने साफतौर पर कहा है कि लॉकडाउन के बीच लोग एक जगह इकट्ठा न हो, क्योंकि इससे वायरस के तेजी से फैलने का खतरा है। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।

भीड़ लगाने वालों पर भी होगी कार्रवाई

बताया जाता है कि शादी के लिए दुल्हा-दुल्हन को मंदिर में देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, यही नहीं जैसे ही डायल-100 के साथ सेमरिया चौकी का स्टाफ पहुंचा, वहां भीड़ जमा होने लगी। जिनमें से बड़ी संख्या में लोग मास्क नहीं लगाए थे और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी उल्लंघन किया गया ऐसे दर्जनों लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।


इनका कहना है

लॉक डाउन के दौरान बढ़ौरा मंदिर में विवाह की सूचना प्राप्त हुई थी जिस पर सेमरिया चौकी पुलिस द्वारा मंदिर में जितने लोग भी मौजूद थे सभी को चौकी लाया गया। अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जा रही है। लॉकडाउन के दौरान भीड़ लगाने वाले कुछ और लोगों की तलाश की जा रही है।
आर.एस. बेलवंशी
एसपी, सीधी

 

News TOP Footer