पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने स्कूल चले हम अभियान में विद्यार्थियों का स्वागत किया

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने शासकीय हाईस्कूल हटवा में स्कूल चले हम अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला एवं अभिभावक सम्मेलन में तिलक लगाकर पुस्तकें वितरण करते हुए विद्यार्थियों का नये सत्र में स्वागत किया। पंचायत मंत्री श्री पटेल ने कहा शिक्षा ही वह आधार है जिससे एक अच्छे समाज की नींव रखी जाती है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से गांव का, जिले का, प्रदेश का और देश का विकास होता है। व्यक्ति के जीवन में कई समस्याएं आती है और सभी समस्याओं का एकमात्र निदान है ‘शिक्षा‘।पंचायत मंत्री श्री पटेल ने कहा कि यह हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है कि सभी बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त करें। शासन ने 6 से 14 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की है। उन्हे निःशुल्क पुस्तके, गणवेश, मध्यान्ह भोजन एवं साइकिले वितरित की जा रही हैं जिससे सभी अभिभावक चिन्ता मुक्त होकर अपने बच्चों को शिक्षा का उपहार दे सकें। पंचायत मंत्री ने समस्त अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास रहने वाले सभी बच्चों को शिक्षा के लिए सहयोग करें। यदि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित है तो उसके अभिभावक को प्रेरित करें कि वह उसका दाखिला विद्यालय में कराये।पंचायत मंत्री श्री पटेल ने कहा कि बेटा हो या बेटी उन्हे शिक्षा अवश्य दिलायें। उन्होने कहा कि बेटियां आज समाज के हर क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहीं हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका प्रदर्शन बेटों की तुलना में बहुत अच्छा रहा है। बेटियों की शिक्षा में किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं आये यह सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होने सभी विद्यालयों के शौचालयों में पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।पंचायत मंत्री श्री पटेल ने कहा कि भयमुक्त एवं आनन्ददायी वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यालय समय से खुले तथा अध्यापक उपस्थित रहकर बच्चों के संर्वागीण विकास के लिए उन्हे शिक्षा प्रदान करें। पंचायत मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक स्टाफ की पूर्ति के लिए प्रक्रिया प्रारंभ है शीघ्र ही भर्तियां की जायेंगी।
पंचायत मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में भी विस्तार किया जा रहा है। अभी हाल में ही मेडिकल कालेजों की सीट में वृद्धि की गयी है जिससे अधिक से अधिक डाॅक्टर बने और समाज की आवश्यकताओं की पूर्ति करें। उन्होने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र समय से खुलें तथा लोगों को स्वास्थ्य सेवायं प्रदान की जायें।कार्यक्रम में अधिकारियों की अनुपस्थित पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंचायत मंत्री श्री पटेल ने सभी अधिकारियों को सचेत किया है कि वे अपने दायित्वों का उचित ढंग से निर्वहन करना सुनिश्चित करें। जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करें तथा उन्हें शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करें।पंचायत मंत्री श्री पटेल ने शासकीय हाईस्कूल हटवा को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के रूप में उन्नयन के लिए प्रयास करने की बात कही है। इसके साथ ही मुख्य मार्ग से विद्यालय के लिए सड़क निर्माण हेतु विधायक मद से 3 लाख रूपये, बच्चों के फर्नीचर के लिए 1 लाख रूपये तथा विद्यालय भवन के मेंटीनेंस के लिए 1 लाख रूपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर कक्षा 6वीं के 5 विद्यार्थियों को साइकल भी प्रदान की गयी। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में लगभग 200 व्यक्तियों का निःशुल्क परीक्षण कर दवायें वितरित की गयी।कार्यक्रम में अध्यक्ष जनपद पंचायत सिहावल श्रीमान सिंह, उपखण्ड अधिकारी आर. के. सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी नवल सिंह, जिला परियोजना समन्वयक डा. के. एम. द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. आर. एल. वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक गण, अभिभावक एवं छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।
