| चंबल मे डकैत जगन का आतंक; बंदूक के बल पर महिलाओं से मारपीट, निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया |

चम्बल का इलाका विगत कई दसको से डाकुओं की सरण स्थली रहा है इक बार फिर चंबल में चंबल के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की घिनौनी हरकत सामने आई है। बुधवार देर शाम उसने बसईडांग थाना क्षेत्र के करणसिंह का पुरा गांव में महिलाओं व बच्चों से मारपीट की। हद तो तब हो गई जब उसने बंदूक के बल पर महिलाओं को बाजार में निर्वस्त्र कर घुमाया। इन महिलाओं को घायलावस्था में बाड़ी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में देर रात डांग बसई थाने में जगन गुर्जर व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार दाेपहर बाड़ी कस्बे में भी उसने आतंक मचाया। सरकारी अस्पताल के सामने बाजार में दुकानदारों से मारपीट कर तोड़फोड़ की और हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।करणसिंह का पुरा गांव में पीड़ित परिवार के मुखिया लाल सिंह ने बताया कि गांव में पानी का अभाव होने पर घर के सभी पुरुष पशुओं को लेकर गए थे। महिला और बच्चे घर पर अकेले रह रहे थे। इसी दौरान बुधवार देर शाम डकैत जगन गुर्जर अपने तीन साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से गांव पहुंचा। डकैत ने घर में घुसकर महिला और बच्चों से मारपीट की। घर में मारपीट कर दस्यु जगन डकैत ने महिलाओं के कपड़े उतरवाकर निर्वस्त्र करवा दिया। उसके बाद दस्यु मारपीट कर महिलाओं को गांव के बाहर ले गया और महिलाओं को निर्वस्त्र हालत में गांव में घुमाया। यह घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चला। दस्यु जगन के जाने के बाद महिलाओं ने मोबाइल फोन पर परिवार के पुरुष लोगों को अवगत कराया। तब पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना स्थानीय बसईडांग थाना पुलिस को दी। तब पुलिस अस्पताल पहुंची। इसके बाद डकैत जगन ने करौली जिले के मासलपुर क्षेत्र में भी कुछ महिलाओं से मारपीट की। एक ही दिन में डकैत के आतंक की तीन घटनाओं ने धौलपुर जिले की पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए है। वहीं, डकैत जगन के आतंक से धौलपुर, करौली व सवाईमाधोपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
