कोई भी समस्या आने पर रिटर्निंग ऑफिसर तथा सामान्य प्रेक्षक का निर्णय ही मान्य होगा

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षकों विधानसभा क्षेत्र 76-चुरहट सूरज कुमार (आईएएस), 77-सीधी शिवानंद कपासी(आईएएस), 78- सिहावल रमन चंद्र मालकार (एसीएस ) तथा 82-धौहनी सत्यवान सिंह मान(एचसीएस) की उपस्थिति में जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अभ्यर्थियों तथा निर्वाचन एजेंटों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मतगणना के संबंध में आयोग के दिशा -निर्देशों के विषय में विस्तार पूर्वक बताया गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, रिटर्निंग ऑफिसर चुरहट शैलेश द्विवेदी, सीधी नीलेश शर्मा, सिहावल एसपी मिश्रा, धौहनी आर पी त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अभ्यर्थी तथा उनके निर्वाचन एजेंट उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बताया कि जिले की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना का कार्य 03 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से शासकीय संजय गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पुराने भवन में किया जाएगा। गणना एजेंटों को सुबह 7 बजे तक अपने निर्धारित स्थान में उपस्थित होना होगा गणना एजेंटों को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जारी पहचान पत्र को धारण करना होगा। इस पहचान पत्र के साथ संबंधित एजेण्ट को अपना एक अन्य पहचान पत्र भी साथ लाना होगा। मतगणना हाल में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है। प्रवेश के पश्चात एजेण्ट को आवंटित टेबल क्रमांक के सामने जाकर बैठना होगा। कलेक्टर ने बताया कि सुबह 6 बजे स्ट्रांग रूम खोला जाएगा तथा सर्वप्रथम डाक मतपत्रों की विधानसभावार छटाई की जावेगी। मतगणना का काम सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगा। सर्वप्रथम ईटीपीबी तथा डाकमत पत्रों की गणना होगी उसके आधा घंटा पश्चात कन्ट्रोल यूनिट में दर्ज मतों की गणना की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा के लिए मतगणना दो पृथक-पृथक कक्षों में की गई है। ईव्हीएम मशीनों की गणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में 16 गणना टेबल लगाए गए हैं। चुरहट विधानसभा क्षेत्र में 4 टेबिल में डाक मत पत्रों की गणना होगी। सीधी, सिहावल तथा धौहनी विधानसभा क्षेत्र में 3-3 टेबिलों में डाक मतपत्रों की मतगणना का कार्य सम्पन्न होगा। इसी प्रकार सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईटीपीबी के लिए एक-एक पृथक टेबल पर गणना होगी। पुलिस अधीक्षक डॉ वर्मा द्वारा मतगणना स्थल पर की गई सुरक्षा व्यवस्था के विषय में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, इलेक्ट्रानिक गैजेट, इंक वाले पेन, कैमरा, नशे की सामग्री आदि लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी सामान्य प्रेक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया है कि मतगणना का कार्य आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न होगा।
