स्कूटी वितरण कार्यक्रम में जिले के 193 प्रतिभाशाली विद्यार्थी लाभान्वित हुए

सीधी धर्मेंद : स्कूटी वितरण कार्यक्रम अंतर्गत जिले के 101 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 193 पात्र बालिकाओं तथा बालकों को निःशुल्क ई-स्कूटी तथा आईसीईएस स्कूटी का वितरण शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र. 1 में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में शहडोल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया जिसमें उपस्थितजनों द्वारा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के उद्बोधन को देखा सुना गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल ने योजना से लाभान्वित होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी तथा उन्हे भविष्य में देश के लिए कुछ बेहतर करने को प्रोत्साहित किया। विधायक ने कहा कि जीवन में सदैव एक सकारात्मक प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि आज का स्कूटी वितरण का कार्यक्रम ऐतिहासिक और अविस्मरणीय कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। कलेक्टर साकेत मालवीय ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होने कहा कि शासन की यह योजना प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समर्पित है। उन्हें पढ़ाई में सुविधा हो तथा वे आत्मनिर्भर बनें। ई-स्कूटी देने के माध्यम से यह संदेश भी है कि देश नवकरणीय ऊर्जा संसाधनों की ओर आगे बढ़ रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ पी एल मिश्रा ने बताया कि जिले में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी एवं मोटराईज्ड स्कूटी प्रदान की जा रही है। 193 विद्यार्थियों में से 91 बालक और 102 बालिकाओं को स्कूटी दी गई।
