कलेक्टर ने किया आंगनवाड़ी और धान उपार्जन केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण

0 223
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 21 दिसम्बर को कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा बुधवार को आंगनवाड़ी केंद्रों पडैनिया खुर्द, जोगीपुर, जोरौंधा न. 1 एवं 2 का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज संख्या के आधार पर बच्चों की अनुपस्थिति तथा रिकॉर्डों के व्यवस्थित संधारण नहीं पाए जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है। ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्यकर्ता एवं सहायिका के साथ-साथ सुपरवाइजरी स्टॉफ पर भी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा परियोजना अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्रों के सतत निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आरसी त्रिपाठी, सीडीपीओ डॉ शेष नारायण मिश्र उपस्थित रहे। कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों सीधी खुर्द का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। कलेक्टर द्वारा उपार्जन केन्द्रों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि उपार्जित धान को सर्वेयर की उपस्थिति में जांच उपरांत सिलाई कर व्यवस्थित संग्रहित कर रखा जाए। बारिश की स्थिति में धान को सुरक्षित ढंक कर रखें। किसी भी स्थिति में धान खराब नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर द्वारा उपार्जित धान के सैम्पल लेकर गुणवत्ता की जांच भी की गई। कलेक्टर द्वारा गुणवत्तापूर्ण धान के उपार्जन के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि गुणवत्ता विहीन धान का उपार्जन करने और गोदाम स्तर पर धान के वापस किए जाने पर संबंधित खरीदी केंद्र प्रभारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी तथा नियमानुसार उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

News TOP Footer