मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में स्थानीय व्यंजन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

0 170
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 3 नवम्बर को मध्यप्रदेश के 67वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 01 से 07 नवम्बर तक स्थानीय लोगों की सहभागिता से श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं लोक संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है। युवा पीढ़ी को अपने समाज से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। लोगों को अपनी प्रतिभाओं एवं हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। इसी क्रम में आयोजित स्थानीय व्यंजन प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह तथा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास, जिला पंचायत सदस्य पूजा सिंह कुशराम, सरस्वती बहेलिया, सुमन कोल, प्रदीप शुक्ल एवं मनोज सिंह, नगर पालिका परिषद सीधी के पार्षद विनोद मिश्रा एवं पूनम सोनी, रामजी सिंह सहित जन प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों द्वारा कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए स्थानीय व्यंजनों को चखा तथा प्रतिभागियों की सराहना की गई। कार्यक्रम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की स्व सहायता समूहों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ताओं एवं सहायिका द्वारा सहभागिता की गई। आज की प्रतियोगिता में महिलाओं के द्वारा विन्ध्य क्षेत्र के प्रमुख व्यंजनों को पूरे देशी एवं घरेलू तरीके से बनाकर उनका प्रदर्शन किया गया। इसमें महुए से बने कई पौष्टिक व्यंजनों, कोदो-कुटकी से बनी खीर, रिक्मज, रसाज, इंद्रहर, चने की भाजी, लौबरा, मुगौड़ी आदि ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। विशिष्ट अतिथियों ने बड़े चाव से स्थानीय व्यंजनों का आनन्द लिया। साथ ही अपने घरों के लिए भी खरीददारी की। हम सभी के जीवन में स्थानीय व्यंजनों का विशेष महत्व रहा है। यह स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रियों से बनाए जाते हैं जो पौष्टिक होते हैं तथा हमारी प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। ऐसे आयोजनों से इन व्यंजनों की युवा पीढ़ी के बीच भी पहचान बनेगी। इस आयोजन से स्वसहायता समूह की महिलाएं उत्साहित रहीं। उन्होने कहा कि ऐसे आयोजन निरंतर हो जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे।

News TOP Footer