जन शिक्षण संस्थान द्वारा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर दीक्षांत समारोह आयोजित

सीधी धर्मेंद : वर्तमान समय में युवाओं को किसी न किसी कौशल में दक्ष होना नितांत आवश्यक है क्योंकि इससे रोजगार के अवसर खुलते हैं तथा परिवार के जीविकोपार्जन में सीखा गया हुनर काम आता है। जन शिक्षण संस्थान द्वारा युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण निश्चित रूप से उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। यह विचार विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय अन्तर्गत आवासीय आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर सरेठी में आयोजित दीक्षांत समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मन्जू सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं भी दी। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी गुरूदत्त शरण शुक्ल ने कहा कि जन शिक्षण संस्थान सीधी के माध्यम से युवाओं को कौशल में पारंगत करने हेतु किया जा रहा यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है परंतु जिले के उत्पादों एवं भौगोलिक संरचना को देखते हुए आधुनिक प्रशिक्षणों के साथ-साथ यहॉ के परंपरागत् व्यवसाय मूलक प्रशिक्षणों को भी युवाओं को सीखने की जरूरत है ताकि वे वनों से आच्छादित इस जिले की वंन संपदाओं को अपने रोजगार का जरिया बना सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिले के समाजसेवी राम सिंह ने कहा कि संस्थान को अपनी आगामी कार्य योजना में जिले में पैदा हो रहे महुआ एवं अन्य फल-फूलों को संरक्षित करने के प्रशिक्षण को भी प्रदान हेतु संबंधित पाठ्यक्रमों का चयन करना चाहिए ताकि वनों में निवासरत् आदिवासी भाइयों एवं बहनों को रोजगार मिल सके। उन्होंने दीक्षात समारोह में प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों से यह कहा कि सभी अपने प्रशिक्षणों को रोजगार का जरिया बनाएं तभी इस तरह के प्रशिक्षण अपने उद्देश्य में सफल साबित होंगे। मातृ संस्था सव्यसॉची सेन्टर सचिव संजय भदौरिया ने संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आवासीय परिसर में इस तरह के आयोजनों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की तथा यह कहा कि संस्थान को आदिवासी कन्याओं के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन आवासीय परिसर में करना चाहिए ताकि वे भी किसी न किसी हुनर में पारंगत हो सकें। दीक्षांत समारोह में 527 प्रशिक्षणार्थियों ने हिस्सा लिया तथा 140 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया।
