आजादी के अमृत महोत्सव में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला को लेकर बैठक हुई आयोजित

0 126
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई.जे. गुप्ता ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के उत्सव के अंतर्गत जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन शासन के निर्देशानुसार किया जायेगा। स्वास्थ्य मेले के आयोजन के लिए खण्ड स्तरीय अधिकारी समस्त बी.एम.ओ. बी.पी.एम. बी.सी.एम. तथा जिले के अंतर्गत राष्ट्रीय कार्यक्रमों के समस्त नोडल अधिकारियों की बैठक कलेक्टर सीधी मुजीबुर्रहमान खान के निर्देशानुसार सोमवार को कार्यालयीन सभागार में 12 बजे से आयोजित की गई। विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि दिनांक 20 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मझौली, दिनांक 22 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुसमी, दिनांक 18 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरिया, रामपुर नैकिन, सिहावल, में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जायेगा। डॉ. गुप्ता ने बताया कि इन मेलों का उद्देश्य आयुष्मान भारत हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर पर ध्यान केन्द्रित करते हुये विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता लाना, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत् विशिष्ट स्वास्थ्य आई.डी. बनाई जाना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के तहत् समस्त पात्र हितग्राही का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना, संचारी एवं असंचारी बीमारियों की रोकथाम के लिये स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना, स्वस्थ आचरण अपनाने हेतु जन जागरूकता लाना, बीमारी की प्रारंभिक स्तर पर पहचान हेतु स्क्रीनिंग एवं निदान हेतु बुनियादी जांच, दवाईयों की उपलब्धता के साथ टेली कंसल्टेशन द्वारा उपचार प्रदाय कराया जाना एवं आवश्यकतानुसार रैफरल किया जाना है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सौरभ सिंह चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य मेलों में विभिन्न प्रकार के काउण्टर उपलब्ध रहेगें जिनमें परामर्श एवं उपचार की व्यवस्था होगी। इन मेलों में रजिस्ट्रेशन काउण्टर, मोबाइल हेल्थ टीम आर.बी.एस.के. काउण्टर, एन.सी.डी. एवं टी.बी. स्क्रीनिंग काउण्टर, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण काउण्टर, परिवार कल्याण परामर्श, टीकाकरण, नेत्र परीक्षण, डेंटल चेकअप, विषय विशेषज्ञ काउण्टर, ब्लड जांच, ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन काउण्टर, त्वचा संबंधी काउण्टर, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण काउण्टर एवं स्वास्थ्य संबंधी आई.ई.सी. काउण्टर उपलब्ध रहेगें। सी.एम.एच.ओ. डॉ. गुप्ता ने आमजन से इन स्वास्थ्य मेलों का लाभ उठाने की अपील की है।

News TOP Footer