शाम होते ही जिले भर में आंधी और बारिश का आलम

0 341
Main Ad1

निसर्ग साइक्लोन की दिखी झलक

आर.बी.सिंह राज

Main Ad1

निसर्ग साइक्लोन का असर सीधी जिले में भी बीते कई दिनों से लगातार देखा जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा 3 जून को ही सीधी जिले को भी इससे अलर्ट किया गया था जिसका असर कल गुरुवार की शाम होते-होते दिखने लगा और पूरे जिले भर में तेज आंधी तूफान के साथ साथ घंटों तेज बारिश का आलम देखा गया।
कल गुरुवार की शाम तकरीबन 7 बजे के बाद से ही पूरे जिले में मौसम में तेज बदलाव देखा गया और कुछ घंटों बाद ही आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश होने लगी जो लगभग दो-तीन घंटे लगातार जारी रही जबकि रिमझिम बारिश का दौर देर रात तक जारी रहा।
पिछले कई दिनों से सीधी जिले में लगातार आंधी तूफान और बरसात के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े-बड़े पेड़ों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं साथ ही कई इलाकों में बिजली के खंभे और टावर लाइन गिरकर ध्वस्त हो गए जिससे जिले के कई इलाकों में कई कई दिनों तक पूरी तरह विद्युत सप्लाई ठप रही।

नौतपा पर भारी पड़ी बारिश

नौतपा के दौरान ही पूरे जिले में सावन और भादौं जैसी बारिश का आलम हो जाने के कारण इस मर्तबा जहां लोगों को नौतपा की भीषण गर्मी का एहसास सिर्फ प्रारंभ के एक-दो दिनों तक ही हुआ वहीं अब पूरी तरीके से जिले की फिजाओं में बरसात का आलम शुमार होता दिख रहा है।
सबसे अधिक समस्याओं का सामना गरीब तबके के लोगों को करना पड़ रहा है जिन्होंने लाक डाउन में फंसे होने तथा अपनी आर्थिक तंगी के कारण अभी इस तरह की बरसात से निपटने की अपनी तैयारी पूर्ण नहीं की थी।
वर्तमान में जिस तरह का आंधी तूफान और बरसात का आलम है उससे कई गरीबों के खपरैल के घरौंदे और झोपड़ियां पूरी तरीके से नष्ट हो चुकी है अब आगे आने वाले दिनों में आलम क्या होगा यह देखना बाकी रहेगा।

 मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 घंटों में सीधी जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने यूट्यूब पर जारी अपने वीडियो अलर्ट में निसर्ग साइक्लोन के बारे में दी गई जानकारी में कहा है कि अगले 6 घंटों में, यह मध्य प्रदेश के निम्न दबाव वाले क्षेत्र में और कमजोर हो जाएगा। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है।

 कलेक्टर ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

इधर जिला प्रशासन को प्राप्त सूत्रों से जानकारी के मुताबिक इस मौसम के अलर्ट को दृष्टिगत रखते हुए जिला कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी द्वारा आम जनों से सावधानी और सतर्कता रखने की अपील की गयी है।
कलेक्टर श्री चौधरी ने लोगों से अपने घरों में ही रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि बारिश से बचने के लिए पेड़ों और मिट्टी की जर्जर दीवारों का सहारा नहीं लें। श्री चौधरी ने कहा कि सभी व्यक्ति सुरक्षित स्थानों में ही रहें तथा आपात स्थिति में तत्काल अपने निकटतम राजस्व एवं पुलिस अधिकारी को सूचित करें।

News TOP Footer