| जबलपुर में भेड़ाघाट के भाजयुमो नेता ऋषभ की हत्या, रेत में गड़ा मिला शव; ऊपर लिखा था- दि एंड |

जबलपुर. जिले के भेड़ाघाट क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता की हत्या कर दी गई। रेत में जिस जगह लाश गड़ी मिली है, उसके ऊपर आरोपियों ने दि एंड लिखा है। युवक मूर्तियों का व्यवसाय करता था। कुछ दिन पहले उसने नर्मदा में अवैध उत्खनन के खिलाफ आंदोलन किया था। भाजयुमो नेता ऋषभ 13 जून की रात दस बजे घर से सगाई समारोह में जाने के लिए निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं आया, तो परिजनों ने फोन किया। ऋषभ का मोबाइल भी बंद आ रहा था। इसके बाद परिवार वालों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 14 जून की सुबह परिजन पुलिस के साथ ऋषभ की तलाश में भेड़ाघाट के नजदीक स्वर्गद्वारी नामक स्थान पर पहुंचे। यहां उसकी बाइक, चप्पल मिली और कुछ ही दूर पर खून के धब्बे मिले। पुलिस को थोड़ी दूरी पर सामान्य रेत में एक स्थान पर ऊंचा टीला दिखाई दिया। टीले के ऊपर THE END’ लिखा हुआ था। पुलिस ने उस टीले को खुदवाया तो उसमें ऋषभ का शव मिला। उसकी नाक से खून निकल रहा था और माथे पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिज दिया है। इस संबंध में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक आरोपियों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया था। ऋषभ मिलनसार युवक था। उसकी हत्या से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
